बिहार पुलिस को कॉलर पकड़ कर ले जाती हुई झारखंड पुलिस।
पटना गर्दनीबाग थाने की पुलिस को झारखंड पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल एक अगवा लड़की को बरामद करने के लिए गर्दनीबाग की पुलिस निजी गाड़ी के साथ झारखंड के बोकारो में गई हुई थी।
।
इसी बीच बोकारो के सेक्टर 4 लक्ष्मी मार्केट के पास पटना पुलिस के हथियार से गोली चल गई, फल विक्रेता विवेक को लग गई। छिटककर यही गोली लड़की के भाई को भी लग गई। गोली चलने के बाद मार्केट में पटना पुलिस फंस गई। लोग जमा हो गए। फिर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया।
बिहार पुलिस को कॉलर पकड़कर गाड़ी में बैठाती झारखंड पुलिस
लड़की का भाई भी गया था
लड़की का भाई भी गर्दनीबाग थाने की पुलिस के साथ बाेकराे गया था। घटना बाेकाराे के सेक्टर-4 लक्ष्मी मार्केट के पास रविवार काे हुई। विवेक काे बाेकाराे के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। मूल रूप से कोडरमा के ढुबाडीह के रहने वाले विवेक बाेकाराे आउट हाउस में रहते हैं। लक्ष्मी मार्केट में फल बेचते हैं। विवेक, अगवा लड़की के प्रेमी के दाेस्त बताए जाते हैं।
मौके पर से भागे पुलिस के जवान
गोली चलने के बाद बिहार पुलिस के जवान वहां से भाग निकले। इसकी सूचना जैसे ही लोकल पुलिस को मिली। इसके बाद बैरिकेडिंग कर के वाहन चेकिंग शुरू कर दी गई। झारखंड पुलिस को सूचना मिली कि कुछ अपराधी फल विक्रेता को गोली मारकर बिहार की ओर भाग रहे हैं।
इसी सूचना पर कार्रवाई हुई। बिहार की ओर आने वाले रास्ते से वाहन चेकिंग के दौरान 2 अर्टिगा गाड़ी पर संदेह हुआ। इस आधार पर रोककर पूछताछ की गई तो संबंधित गोलीबारी की घटना की जानकारी झारखंड पुलिस को मिली। इसके बाद सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

बोकारो में गोली चलने के बाद पुलिसकर्मियों के साथ स्थानीय लोग।
बिहार पुलिस पर 2 केस दर्ज होगा
बिहार पुलिस निजी गाड़ी से गई थी। अब गर्दनीबाग थाने की पुलिस पर दाे केस दर्ज हाेगा। एक केस फल विक्रेता विवेक के बयान पर और दूसरा बाेकाराे पुलिस के बयान पर। विवेक का फर्द बयान चास पुलिस ने ले लिया है।
दूसरे स्टेट में छापेमारी करने के लिए आईओ काे आईजी/ डीआईजी काे लिखित देना पड़ता है। हालांकि गर्दनीबाग थानेदार का दावा है कि आईजी से अनुमति मिलने के बाद पुलिस बाेकाराे गई थी।